home page

पेयजल आपूर्ति में लापरवाही पर सख्त हुए मुख्यमंत्री, बोले- आमजन को हर हाल में मिले निर्बाध पानी

 | 
पेयजल आपूर्ति में लापरवाही पर सख्त हुए मुख्यमंत्री, बोले- आमजन को हर हाल में मिले निर्बाध पानी


जयपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पेयजल आपूर्ति को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की मूलभूत आवश्यकता पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। जलापूर्ति व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में जाकर समस्याओं का समाधान करने और जलापूर्ति से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में जलदाय विभाग की उच्च स्तरीय बैठक ली। बैठक में विभाग की बजट घोषणाओं, प्रगतिरत एवं लंबित परियोजनाओं तथा प्रदेश में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों की जिम्मेदारी केवल कार्यालय तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें जनता के बीच पहुंचकर जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी समाधान करना होगा।

मुख्यमंत्री ने लंबित परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा बजट घोषणाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जल परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को विभागीय स्तर पर शीघ्र दूर कर कार्यों की गति बढ़ाई जाए। जल जीवन मिशन के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अधिकाधिक घरों तक नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य प्रभावी रूप से पूरा करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कहा कि जिन घरों में जल कनेक्शन दिए जा चुके हैं, वहां केवल कनेक्शन देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि नियमित और सुचारू जलापूर्ति भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने जल भवन में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक, नवाचार और अनुसंधान को बढ़ावा देने पर जोर दिया। पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच के लिए पर्याप्त संख्या में मोबाइल परीक्षण वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि विभिन्न क्षेत्रों में मौके पर ही पानी की गुणवत्ता की जांच की जा सके।

मुख्यमंत्री ने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए स्थायी जल स्रोतों के विकास और संरक्षण पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने जल संसाधन विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर उपलब्ध जल संसाधनों का अधिकतम और विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही न्यायालयों में लंबित विभागीय प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए प्रभावी पैरवी और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, मुख्यमंत्री कार्यालय के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत गेरा, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया सहित विभाग के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित