home page

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय मंत्रियों से की मुलाकात, जल और ऊर्जा परियोजनाओं पर चर्चा

 | 
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय मंत्रियों से की मुलाकात, जल और ऊर्जा परियोजनाओं पर चर्चा


जयपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल से मुलाकात कर राजस्थान की जल परियोजनाओं, शिक्षा व्यवस्था, नवीकरणीय ऊर्जा और रोजगार सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी के साथ प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार और राज्य की ऊर्जा जरूरतों पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।

शर्मा ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल से मुलाकात के दौरान यमुना जल समझौते, किशाऊ बहुद्देशीय परियोजना, राम जलसेतु लिंक परियोजना और नर्मदा परियोजना के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने प्रदेश में जल प्रबंधन, पेयजल उपलब्धता और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार प्रदेश के विकास और नागरिकों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से ऊर्जा, शिक्षा, जल उपलब्धता और सिंचाई के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से विकसित भारत और विकसित राजस्थान का संकल्प साकार होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर