home page

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं, कहा- जरूरतमंदों के साथ बांटें खुशियां

 | 
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं, कहा- जरूरतमंदों के साथ बांटें खुशियां


जयपुर, 08 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज के पावन पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि ये पर्व राजस्थान की संस्कृति की आत्मा और परिवारों की एकजुटता के प्रतीक हैं। दीपावली खुशियों, उमंग और प्रकाश का पर्व है, जो हमें अंधकार से प्रकाश, असत्य से सत्य और बुराई से अच्छाई की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श मर्यादा, सेवा, त्याग और जनकल्याण का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से दीपावली के अवसर पर परिवार में प्रेम, समाज में भाईचारा तथा प्रदेश में सुख-शांति और सद्भाव बढ़ाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को त्योहारों में भी अपनाया जाना चाहिए। जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने, पर्यावरण का ध्यान रखने तथा स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर कारीगरों और छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहित करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ऐसा राजस्थान बनाया जा सकता है, जहां हर घर में खुशहाली हो, युवाओं के सपने साकार हों और प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढ़ने का अवसर मिले। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करते हुए एक बार फिर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित