home page

मुख्यमंत्री ने ओड समाज को दी बड़ी सौगात, जयपुर में छात्रावास और रामदेवरा में धर्मशाला के लिए भूमि आवंटन की घोषणा

 | 
मुख्यमंत्री ने ओड समाज को दी बड़ी सौगात, जयपुर में छात्रावास और रामदेवरा में धर्मशाला के लिए भूमि आवंटन की घोषणा


जयपुर, 03 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित ओड समाज संवाद कार्यक्रम में ओड समाज को बड़ी सौगात देते हुए जयपुर में छात्रावास तथा रामदेवरा में धर्मशाला निर्माण के लिए भूमि आवंटित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओड समाज का इतिहास श्रम, संस्कृति और स्वाभिमान का प्रतीक रहा है तथा राष्ट्र निर्माण में इस समाज का उल्लेखनीय योगदान रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ओड समाज ने राजस्थान की जल संरक्षण परंपरा को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। किलों, महलों और जल संरचनाओं के निर्माण में समाज की दक्षता ऐतिहासिक रही है। उन्होंने कहा कि समाज के पूर्वजों ने जल संसाधनों के संरक्षण और उपयोग की अद्भुत परंपरा विकसित की, जो आज भी प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पाक विस्थापित ओड समाज के लोगों की हरसंभव सहायता का आश्वासन देते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके सामाजिक और शैक्षिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार द्वारा पेयजल और सिंचाई परियोजनाओं पर किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है तथा ग्रामीण और श्रमिक वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं, किसानों, श्रमिकों और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर कार्य कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिकों का सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक संरक्षण सरकार की श्रम नीति का आधार है। मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, श्रम योगी मानधन योजना, ई-श्रम पोर्टल और श्रम-सेतु मोबाइल ऐप जैसी योजनाओं के माध्यम से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने न्यूनतम मजदूरी में वृद्धि, श्रमिक कल्याण योजनाओं के तहत करोड़ों रुपये के भुगतान, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू समुदायों के लिए पट्टों के वितरण तथा शिक्षा सुविधाओं के विस्तार जैसे कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रत्येक जिले में घुमंतू एवं श्रमिक वर्ग के बच्चों की शिक्षा के लिए ‘स्कूल ऑन व्हील्स’ स्थापित किए जाएंगे। साथ ही पिछड़ा वर्ग विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, श्रमिक परिवारों को सामाजिक सहायता और बेटियों की शिक्षा व विवाह के लिए विशेष योजनाओं को भी सुदृढ़ किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ओड समाज के युवाओं से आधुनिक कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने, महिलाओं और बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर ओड महासभा के अध्यक्ष प्रेम ओड सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम सामाजिक उत्थान, श्रमिक सम्मान और सामुदायिक विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण बना।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित