युवा शक्ति से साकार होगा ‘विकसित भारत’ का सपना: भजनलाल शर्मा
जयपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ विजन को साकार करने में युवा शक्ति की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने के लिए माय भारत डिजिटल प्लेटफॉर्म एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है, जिस पर राजस्थान में 17 लाख से अधिक युवा पंजीकरण कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री गुरुवार को निवास पर आयोजित बैठक में माय भारत प्लेटफॉर्म के तहत प्रदेश में चल रही गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्लेटफॉर्म से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ा जाए और इसकी गतिविधियों में तेजी लाई जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन, सोलर और पेट्रोकेमिकल्स जैसे क्षेत्रों में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को इन क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने में माय भारत प्लेटफॉर्म अहम भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए नशा मुक्ति से जुड़े अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
साथ ही ‘फिट राजस्थान, हिट राजस्थान’ विजन के तहत युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, फिटनेस और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान युवा नीति-2026 के माध्यम से युवाओं के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त किया गया है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना, मा वाउचर योजना और गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के जरिए युवाओं और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि युवाओं को ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बन सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक जैसी घटनाओं से युवाओं के सपनों को ठेस पहुंची, लेकिन वर्तमान सरकार भर्ती परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से आयोजित कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य पांच वर्षों में चार लाख सरकारी नौकरियां देने का है, जिसमें अब तक 1.25 लाख नियुक्तियां दी जा चुकी हैं और 1 लाख से अधिक पदों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया जा चुका है।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि माय भारत प्लेटफॉर्म युवाओं को सरकार से सीधे जोड़ने का प्रभावी डिजिटल माध्यम है। इसके जरिए विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, युवा कनेक्ट, पद यात्राएं, नशामुक्त अभियान और बजट क्वेस्ट जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विकसित भारत यंग लीडर्स से संवाद भी किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित केंद्र व राज्य सरकार के अधिकारी और युवा प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

