मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रस्तावित जोधपुर यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा
जोधपुर/जयपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 4 जुलाई (शनिवार) को प्रस्तावित जोधपुर यात्रा की तैयारियों का शुक्रवार को जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जोधपुर के नवीन एयरपोर्ट टर्मिनल का अवलोकन किया तथा लोकार्पण कार्यक्रम की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि राजस्थान के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जोधपुर में नवीन एवं अत्याधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल तथा बालोतरा के पचपदरा में एचआरआरएल रिफाइनरी का लोकार्पण करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जनवरी 2018 में इस महत्वाकांक्षी रिफाइनरी परियोजना कार्य का शुभारंभ किया था और अब उनके ही करकमलों से राष्ट्र को इसका समर्पण प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान को विकास की अनेक ऐतिहासिक सौगातें मिल रही हैं, जिनका लाभ आने वाले वर्षों में प्रदेश को मिलेगा। यह रिफाइनरी राजस्थान की औद्योगिक प्रगति का ग्रोथ इंजन साबित होगी। साथ ही, इससे विकास को नई गति मिलेगी, निवेश के नए अवसर सृजित होंगे तथा रोजगार और आर्थिक गतिविधियों का व्यापक विस्तार होगा।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री जोधपुर में नवीन एयरपोर्ट टर्मिनल के लोकार्पण के साथ ही संशोधित उड़ान योजना को लॉन्च करेंगे। इससे भारतीय विमानन क्षेत्र को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा और नागरिक विमानन के परिदृश्य में यह कदम महत्वपूर्ण साबित होगा। साथ ही ‘उड़े देश का आम नागरिक’ के विजन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सांसद पी पी चौधरी, विधायक अतुल भंसाली, राजस्थान जीव जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

