पुलिस-जन भागीदारी को मिलेगी नई मजबूती: नव-नियुक्त सीएलजी सदस्यों से मुख्यमंत्री करेंगे संवाद
जयपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में कानून-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द्र और पुलिस-जन सहभागिता को मजबूत करने के लिए राजस्थान पुलिस ने कम्युनिटी लायजन ग्रुप (सीएलजी) व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की पहल शुरू की है। इसी कड़ी में गुरुवार शाम 5 बजे जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में राज्यस्तरीय ओरिएंटेशन एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रदेशभर के नव-नियुक्त सीएलजी सदस्यों से संवाद करेंगे।
कार्यक्रम में पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी नव-नियुक्त सदस्यों को सीएलजी की भूमिका, अधिकार, कर्तव्यों, सामाजिक दायित्वों और राज्य सरकार की अपेक्षाओं के बारे में जानकारी देंगे। जयपुर संभाग क्षेत्र के सभी पुलिस थानों के नव-नियुक्त सीएलजी सदस्यों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है और उनकी शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य के अन्य क्षेत्रों के सदस्य अपने-अपने उपखंड अधिकारी कार्यालयों में उपलब्ध वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा के जरिए कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर 11 और 12 अगस्त को प्रदेश के सभी थाना क्षेत्रों में सीएलजी सदस्यों के साथ बैठकें आयोजित की जा रही हैं। पहले चरण में नव-नियुक्त सदस्यों के लिए ओरिएंटेशन सत्र आयोजित कर उन्हें सीएलजी की भूमिका, अधिकार, कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों से अवगत कराया जा रहा है। साथ ही कम्युनिटी पुलिसिंग में पूर्व सीएलजी सदस्यों के योगदान और सफल अनुभव भी साझा किए जा रहे हैं।
दूसरे चरण में नव-नियुक्त और पूर्व से नामित सभी सीएलजी सदस्यों के साथ कानून-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द्र तथा स्थानीय स्तर पर पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की जा रही है। इसका उद्देश्य नव-नियुक्त सदस्यों को पुलिस और आमजन के बीच प्रभावी सेतु के रूप में तैयार करना है।
डीजीपी की ओर से जारी आदेश के अनुसार अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कम्युनिटी पुलिसिंग एवं जन अभियोग एस. सेंगाथिर को राज्यस्तरीय कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनकी सहायता के लिए अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर यातायात, जयपुर आयुक्तालय प्रदीप मोहन शर्मा, उप महानिरीक्षक पुलिस अपराध शाखा राशि डोगरा डूडी, पुलिस अधीक्षक सतर्कता वंदिता राणा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कम्युनिटी पुलिसिंग सुनीता मीना को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राज्यस्तरीय कार्यक्रम के लिए अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। जयपुर रेंज के नव-नियुक्त सीएलजी सदस्यों की बिरला ऑडिटोरियम में उपस्थिति सुनिश्चित करने और मंच संबंधी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी महानिरीक्षक पुलिस, जयपुर रेंज को दी गई है। कार्यक्रम स्थल की आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा अधिकारियों और सीएलजी सदस्यों के बैठने की व्यवस्था जयपुर पुलिस आयुक्तालय की ओर से सुनिश्चित की जाएगी।
राजस्थान पुलिस का उद्देश्य सीएलजी व्यवस्था को केवल औपचारिक बैठकों तक सीमित रखने के बजाय इसे स्थानीय स्तर पर पुलिस और आमजन के बीच संवाद, सहयोग और विश्वास का प्रभावी माध्यम बनाना है। नव-नियुक्त सदस्यों को उनके दायित्वों की स्पष्ट जानकारी मिलने से वे अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द्र और स्थानीय समस्याओं के समाधान में पुलिस के साथ बेहतर समन्वय कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री के साथ राज्यस्तरीय संवाद और पुलिस मुख्यालय के ओरिएंटेशन से नव-नियुक्त सदस्यों को उनकी नई भूमिका के लिए दिशा मिलने के साथ प्रदेश में पुलिस-जन सहभागिता को और मजबूत आधार मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

