home page

पचपदरा रिफाइनरी का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण

 | 
पचपदरा रिफाइनरी का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण


पचपदरा रिफाइनरी का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण


पचपदरा रिफाइनरी का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण


जयपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को बालोतरा स्थित पचपदरा में एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 21 अप्रैल को प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियों की समीक्षा भी की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों के लिए यह एक ऐतिहासिक अवसर है, जब प्रधानमंत्री देश के पहले इंटीग्रेटेड रिफाइनरी कम पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने बताया कि इस रिफाइनरी से न केवल राजस्थान बल्कि पूरा देश ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होगा, साथ ही प्रदेश के औद्योगिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट और मेन कंट्रोल रूम का अवलोकन किया तथा अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों से संवाद कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने जनसभा स्थल का भी निरीक्षण कर तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, गर्मी को ध्यान में रखते हुए पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था करने तथा यातायात और पार्किंग के बेहतर प्रबंधन के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आयोजन स्थल की सजावट में राजस्थान की समृद्ध कला और संस्कृति की झलक दिखाई देनी चाहिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले अतिथि प्रदेश की गौरवशाली परंपराओं से परिचित हो सकें।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस अवसर पर पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. बिश्नोई, सांसद मदन राठौड़, लुंबाराम चौधरी, जीव जंतु कल्याण बोर्ड अध्यक्ष जसवंत सिंह विश्नोई, विधायक अरुण चौधरी, हमीर सिंह भायल, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित