home page

मुख्यमंत्री ने चेटीचंड महोत्सव में शोभायात्रा को दिखाई हरी झंडी

 | 
मुख्यमंत्री ने चेटीचंड महोत्सव में शोभायात्रा को दिखाई हरी झंडी


जयपुर, 20 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को जयपुर के चौगान स्टेडियम में आयोजित चेटीचंड महोत्सव में भाग लेकर भगवान झूलेलाल की शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने सिंधी समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज अपनी मेहनत, ईमानदारी और पुरुषार्थ के लिए देशभर में जाना जाता है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सिंधी समाज ने विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और अपने परिश्रम के बल पर समाज, राज्य और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि इस समाज ने कर्म को ही पूजा मानकर आगे बढ़ने का उदाहरण प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान झूलेलाल मानवता के रक्षक थे, जिन्होंने प्रेम, सत्य और साहस के बल पर समाज को न्याय और सद्भाव का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि झूलेलाल का संदेश “जल की तरह बहो, जहां भी जाओ जीवन दो” आज भी समाज को प्रेरित करता है।

उन्होंने चेटीचंड पर्व को सत्य की असत्य पर और मानवता की क्रूरता पर विजय का प्रतीक बताते हुए इसे सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उदाहरण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाजन के कठिन दौर के बावजूद सिंधी समाज ने अपने हौसले और मेहनत से खुद को स्थापित किया और व्यापार, उद्योग, शिक्षा, चिकित्सा व समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

उन्होंने विश्वास जताया कि “विकसित भारत” और “विकसित राजस्थान” के निर्माण में सिंधी समाज आगे भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान भगवान झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। रंग-बिरंगी झांकियां, भजन-कीर्तन और पारंपरिक परिधानों में सजे श्रद्धालुओं ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा, विधायक बालमुकुंदाचार्य, अमरापुरा दरबार के संत सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित