home page

बीकानेर पंचायत एवं जिला परिषद चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने की बैठक

 | 
बीकानेर पंचायत एवं जिला परिषद चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने की बैठक


बीकानेर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर बीकानेर जिले में पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक की। बैठक में चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक स्थिति और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा हुई।

बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, खाजूवाला विधायक विश्वनाथ मेघवाल, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी तथा नोखा से भाजपा प्रत्याशी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल विश्नोई मौजूद रहे।

बैठक में पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, प्रधान और जिला प्रमुख पदों के चुनाव को लेकर क्षेत्रवार स्थिति की समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की चुनावी स्थिति, संगठन की तैयारियों और स्थानीय समीकरणों की जानकारी दी। भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी तैयारियों को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में क्षेत्रीय विकास और जनहित से जुड़े मुद्दे भी उठे। खाजूवाला क्षेत्र में सिंचाई जल की समस्या पर मुख्यमंत्री ने दूरभाष के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। नोखा और श्रीडूंगरगढ़ में विद्युत व्यवस्था से जुड़े मामलों के समाधान के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। कोलायत लिफ्ट परियोजना के सुचारू संचालन को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि संगठन और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से बीकानेर जिले में पंचायत एवं जिला परिषद चुनाव में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से चुनावी तैयारियों में सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।

केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने चुनावी तैयारियों तथा संगठनात्मक समन्वय को लेकर सुझाव दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में जुटने और सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता चुनाव के लिए तैयार हैं और जिले में पार्टी के पक्ष में माहौल है। जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने यह जानकारी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव