home page

सफाई सेवा मैराथन: जलमहल की पाल पर विशेष अभियान में एयरफोर्स व पुलिस जवानों ने संभाली कमान

 | 
सफाई सेवा मैराथन: जलमहल की पाल पर विशेष अभियान में एयरफोर्स व पुलिस जवानों ने संभाली कमान


जयपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम जयपुर के आयुक्त ओमप्रकाश कसेरा के नेतृत्व में शहरभर में “सफाई सेवा मैराथन” के तहत व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में हवामहल जोन द्वारा जलमहल की पाल पर विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों की संयुक्त भागीदारी देखने को मिली।

नगर निगम जयपुर के आयुक्त ओमप्रकाश कसेरा ने बताया कि अभियान में नगर निगम के कर्मचारियों के साथ इंडियन एयर फोर्स के 30 जवान तथा राजस्थान पुलिस ग्रामीण लाइन के 30 जवानों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। संयुक्त प्रयासों से जलमहल क्षेत्र में स्वच्छता को लेकर विशेष कार्यवाही की गई।

अभियान के दौरान जलमहल के आसपास व्यापक स्तर पर सफाई की गई। निगम द्वारा स्थापित लिटरबिन को समयबद्ध तरीके से खाली करवाया गया, वहीं जलमहल के पानी में जमा कचरे को भी निकालकर एकत्रित किया गया।

संग्रहित कचरे को स्वच्छता रथ, ट्रैक्टर और लोडर की सहायता से परिवहन कर ट्रांसफर स्टेशन तक पहुंचाया गया। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता का संदेश भी दिया गया।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के प्रयासों को और गति मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश