home page

नगर निकाय चुनाव: जयपुर जिले में पहले दिन 48 नामांकन दाखिल

 | 
नगर निकाय चुनाव: जयपुर जिले में पहले दिन 48 नामांकन दाखिल


जयपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले के 19 नगरीय निकायों में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन 39 अभ्यर्थियों ने कुल 48 नामांकन पत्र दाखिल किए। जिले के 690 वार्डों के लिए चुनाव प्रक्रिया संचालित की जा रही है।

पहले दिन सबसे अधिक नामांकन जयपुर नगर निगम में हुए, जहां 11 अभ्यर्थियों ने 13 नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके अलावा चौमूं में 7, शाहपुरा और बगरू में 4-4, चाकसू में 10, जमवारामगढ़ में 2, मनोहरपुर में 5, फागी में 2 तथा कानोता में 1 नामांकन पत्र दाखिल हुआ।

जयपुर, चौमूं, शाहपुरा, बगरू, बस्सी, चाकसू, दूदू, जमवारामगढ़, जोबनेर, कालाडेरा, कानोता, किशनगढ़-रेनवाल, खेजरोली, मनोहरपुर, नारायणा, फागी, फुलेरा, सांभर और वाटिका में नामांकन प्रक्रिया जारी है।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने नामांकन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। नामांकन के बाद पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया होगी, जिसके बाद चुनाव मैदान में रहने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी। नामांकन शुरू होने के साथ ही नगरीय निकाय क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश