home page

निकाय चुनाव प्रथम चरण: डीग की पहाड़ी नगर पालिका में सबसे ज्यादा मतदान, डूंगरपुर सबसे पीछे

 | 
निकाय चुनाव प्रथम चरण: डीग की पहाड़ी नगर पालिका में सबसे ज्यादा मतदान, डूंगरपुर सबसे पीछे


जयपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। प्रदेश के 39 जिलों की 162 नगरीय निकायों में मतदाता शहर की सरकार चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा।

सुबह दस बजे तक के मतदान प्रतिशत के आंकड़ों में डीग जिले की पहाड़ी नगर पालिका सबसे आगे रही। यहां 51.26 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद डूंगरपुर जिले की सीकरी नगर पालिका में 48.94 प्रतिशत और धौलपुर की सैपऊ नगर पालिका में 48.87 प्रतिशत मतदान हुआ।

वहीं मतदान के मामले में डूंगरपुर नगर परिषद सबसे पीछे रही, जहां 14.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद भीलवाड़ा नगर निगम में 15.02 प्रतिशत और बारां की अंता नगर पालिका में 15.16 प्रतिशत मतदान हुआ। शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि छोटे कस्बों की कुछ नगर पालिकाओं में मतदाताओं की भागीदारी बड़े नगरीय निकायों की तुलना में अधिक रही है।

प्रदेश में पहली बार ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की अवधारणा के तहत नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं। पहले चरण में 4 नगर निगम, 27 नगर परिषद और 131 नगर पालिकाएं शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित