जेडीए शहर में विकसित करेगा आधुनिक बहुउद्देशीय सार्वजनिक स्थल
जयपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। विकसित राजस्थान के विजन के अनुरूप जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) शहर को अधिक पैदल यात्री अनुकूल, सुरक्षित और जन-केंद्रित बनाने के लिए सड़कों के किनारे स्थित उपयुक्त सार्वजनिक स्थलों को आधुनिक एवं बहुउद्देशीय स्वरूप में विकसित करेगा। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा जयपुर को अधिक समावेशी, आधुनिक और रहने योग्य शहर के रूप में विकसित करना है।
जेडीए के अनुसार इन सार्वजनिक स्थलों का विकास उन क्षेत्रों में किया जाएगा, जहां जनसंख्या घनत्व और पैदल आवागमन अधिक है। इन स्थानों को आधुनिक शहरी आवश्यकताओं के अनुरूप आकर्षक, सुरक्षित और उपयोगी बनाया जाएगा। योजना के तहत विकसित होने वाले स्थलों पर बैठने की समुचित व्यवस्था, आकर्षक लैंडस्केपिंग, सुरक्षित व सुगम वॉकवे, सुसज्जित कियोस्क, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, हरित क्षेत्र तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही सभी स्थलों का डिजाइन दिव्यांगजन-अनुकूल, पर्यावरण के प्रति संवेदनशील, स्वच्छ और सुरक्षित मानकों के अनुरूप होगा।
जेडीए का मानना है कि यह पहल केवल आधारभूत सुविधाओं के विकास तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सड़कों को सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के जीवंत केंद्र के रूप में विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होंगे, पैदल चलने की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा और शहर की सौंदर्यात्मक छवि भी सुदृढ़ होगी। प्राधिकरण के अनुसार सार्वजनिक स्थलों का चयन पैदल यात्रियों की संख्या, जनसंख्या घनत्व, भूमि उपयोग और स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर किया जाएगा, ताकि प्रत्येक स्थल अपने क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप विकसित हो सके।
जेडीए ने बताया कि यह पहल उसकी पीपुल-सेंट्रिक स्ट्रीट्स और कम्प्लीट स्ट्रीट्स की अवधारणा को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके तहत जयपुर की सड़कों को केवल वाहनों के आवागमन तक सीमित न रखकर पैदल यात्रियों, वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और आकर्षक सार्वजनिक स्थानों के रूप में विकसित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

