भजन संध्या में छोटू सिंह का भाटी समर्थकों ने किया विरोध
राजसमंद, 4 अप्रैल (हि.स.)। राजसमंद जिले के मंगटिया गांव में शुक्रवार देर रात आयोजित भजन संध्या कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल गर्मा गया जब प्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा के मंच पर पहुंचते ही कुछ युवकों ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि नारेबाजी करने वाले युवक शिव विधायक रवीन्द्र सिंह भाटी के समर्थक थे। करीब आधे घंटे तक चले इस हंगामे के बाद ग्रामीणों और आयोजकों की समझाइश से स्थिति को शांत कराया जा सका।
जानकारी के अनुसार, गांव में देर रात भजन संध्या का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। रात करीब 11:30 बजे जैसे ही भजन गायक छोटू सिंह मंच पर पहुंचे, तभी कुछ युवकों ने उनके खिलाफ नारे लगाने शुरू कर दिए। समर्थक मंच के सामने खड़े होकर लगातार विरोध जताते रहे, जिससे कार्यक्रम का माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ग्रामीणों और आयोजन समिति के सदस्यों ने युवकों को समझाने का प्रयास किया और काफी देर तक समझाइश के बाद माहौल को नियंत्रित किया जा सका। हालांकि जाते-जाते कुछ युवकों ने छोटू सिंह को चेतावनी देते हुए कहा कि मेवाड़ क्षेत्र में वे जहां भी कार्यक्रम करेंगे, वहां इसी तरह उनका विरोध किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि भजन गायक छोटू सिंह रावणा और शिव विधायक रवीन्द्र सिंह भाटी के बीच राजनीतिक तकरार काफी समय से चर्चा में है। बताया जाता है कि दोनों के बीच विवाद की शुरुआत 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान हुई थी। हाल ही में सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों और मोबाइल पर कथित धमकी के आरोपों के बाद यह विवाद और अधिक गहरा गया है।
इस घटना के बाद भजन संध्या कार्यक्रम कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य होने पर कार्यक्रम को आगे जारी रखा गया। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

