home page

छोटी चौपड़ पर बनेगा 42 फीट चौड़ा और 36 फीट ऊंचा रामसेतु

 | 
छोटी चौपड़ पर बनेगा 42 फीट चौड़ा और 36 फीट ऊंचा रामसेतु


जयपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। गुलाबी नगरी की दीपावली इस बार राम सेतु निर्माण की भव्य और जीवंत झांकी से रोशन होगी। चांदपोल बाजार व्यापार मंडल की ओर से छोटी चौपड़ पर 42 फीट चौड़ी और 36 फीट ऊंची राम सेतु एवं राम मंदिर की झांकी तैयार की जा रही है। इसकी खासियत वानर सेना द्वारा पत्थर उठाकर समुद्र में राम सेतु का निर्माण करते हुए दिखाई देने वाला स्वचालित दृश्य होगा। झांकी में रामायण के प्रसंगों को जीवंत रूप देने के लिए बंगाल से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं।

व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाष गोयल ने बताया कि मंडल की ओर से लगातार 22 वर्षों से दीपावली पर भव्य स्वागत द्वार और आकर्षक झांकियों का निर्माण कराया जा रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भगवान राम के जीवन और राम सेतु निर्माण के प्रसंग को केंद्र में रखकर विशाल झांकी बनाई जा रही है। इसका उद्देश्य जयपुर वासियों को दीपावली पर कुछ नया, विशिष्ट और यादगार देखने का अवसर देना है।

झांकी में भगवान राम, लक्ष्मण, हनुमान, जामवंत, नल और नील सहित वानर सेना के प्रमुख पात्र नजर आएंगे। विशेष आकर्षण के रूप में वानर सेना के सदस्य चलते हुए, पत्थर उठाते और समुद्र में डालकर सेतु बनाते दिखाई देंगे। नल और नील के निर्देशन में राम सेतु निर्माण का दृश्य स्वचालित तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

दृश्य को वास्तविक रूप देने के लिए समुद्र की लहरों, चट्टानों, विशेष प्रकाश व्यवस्था और चलायमान पात्रों का संयोजन किया जा रहा है। विशाल आकार और गतिशील दृश्यों के कारण यह झांकी दीपावली सजावट का प्रमुख आकर्षण बनने की तैयारी में है।

चांदपोल बाजार व्यापार मंडल पिछले वर्षों में गजनेर, हवा महल, पुष्प विमान, स्वचालित मेट्रो और ऑपरेशन सिंदूर जैसे विषयों पर आधारित भव्य झांकियां प्रस्तुत कर चुका है। इन कलाकृतियों के निर्माण में भी बंगाल से आए कुशल कारीगरों ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

सुभाष गोयल ने बताया कि चांदपोल बाजार की दीपावली सजावट जयपुर की सांस्कृतिक पहचान और व्यापारियों की सामूहिक भागीदारी का प्रतीक है। राम सेतु और राम मंदिर पर आधारित इस वर्ष की झांकी के माध्यम से धार्मिक आस्था, कलात्मक शिल्प और आधुनिक स्वचालित तकनीक का अनूठा संगम प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश