चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन का 45.08 करोड़ से होगा काया कल्प
चित्तौड़गढ़, 17 जुलाई (हि.स.)। सांसद सीपी जोशी की पहल पर चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त रेल हब बनेगा। शुक्रवार को सांसद सीपी जोशी ने विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या के साथ स्टेशन पहुंच कर पश्चिम रेलवे के गति शक्ति अभियान के तहत प्रस्तावित पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया और रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान रेलवे के रतलाम और इंदौर से आए अधिकारी मौजूद रहे।
चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने बताया कि पश्चिम रेलवे की और से तैयार की गई इस योजना की लागत 45.08 करोड़ रुपए है। यह योजना अगले 50 वर्षों की यात्री जरूरतों को ध्यान में रख कर बनाई गई है। स्टेशन का मास्टर प्लान, बिल्डिंग प्लान और सर्कुलेशन प्लान तैयार कर अंतिम स्वीकृति के लिए रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा। निरीक्षण के दौरान तय किया गया कि पुरानी आरएमएस बिल्डिंग से बुकिंग हॉल तक के क्षेत्र में पुराने ढांचे हटा कर तीन मंजिला आधुनिक स्टेशन भवन बनाया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए 6 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज पश्चिमी द्वार तक बनेगा और मीरा गेट की ओर प्रवेश मार्ग को चौड़ा किया जाएगा। इस मौके पर सांसद जोशी ने कहा कि यह परियोजना सिर्फ बिल्डिंग बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि चित्तौड़गढ़ को विश्वस्तरीय सुविधाओं वाला परिवहन केंद्र बनाने की दिशा में कदम है। निरीक्षण और चर्चा के दौरान सांसद व विधायक के अलावा इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक रतलाम अश्विनी कुमार, डिप्टी चीफ इंजीनियर एसके त्यागी, स्टेशन मैनेजर सीएल मीणा सहित कई रेल अधिकारी मौजूद रहे।
सांसद जोशी ने बताया कि सभी प्लेटफार्म तक पहुंच के लिए 6 लिफ्ट लगाई जाएगी। यह पूरा काम सुगम भारत अभियान के अनुरूप होगा, जिससे दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों को राहत मिलेगी। साथ ही पुराने रेलवे क्वार्टर, यूनियन कार्यालय और आरक्षण कार्यालय का भी पुनर्स्थापन किया जाएगा।
सांसद जोशी ने रेल मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर बात कर चित्तौड़गढ़ में पिटलाइन निर्माण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। पिटलाइन बनने से ट्रेनों की धुलाई और मेंटेनेंस यहीं हो सकेगा।वर्तमान में चित्तौड़गढ़ से 4 ट्रेनें शुरू और समाप्त होती हैं। पिटलाइन बनने के बाद यहां से नई ट्रेनों के संचालन का मार्ग खुलेगा, जिससे मेवाड़ क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

