home page

सांसद सीपी जोशी ने की रावतभाटा क्षेत्र में नया कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की मांग

 | 
सांसद सीपी जोशी ने की रावतभाटा क्षेत्र में नया कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की मांग


चित्तौड़गढ़, 23 मार्च (हि.स.)। चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने लोकसभा में नियम 377 के अंतर्गत अपने संसदीय क्षेत्र के किसानों के हित में महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए चित्तौड़गढ़ जिले के भैंसरोड़गढ़-रावतभाटा क्षेत्र में एक नए कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की मांग की है।

सांसद सीपी जोशी ने कहा कि चित्तौड़गढ़ जिला एक कृषि प्रधान क्षेत्र है, जहां की अधिकांश आबादी कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों पर निर्भर है। जिले में दलहन, तिलहन, खाद्यान्न और मुद्रादायिनी फसलों के साथ-साथ फल एवं सब्जियों का भी बड़े पैमाने पर उत्पादन किया जाता है। ऐसे में किसानों को आधुनिक तकनीक, उन्नत खेती के तरीके और नवीन कृषि नवाचारों की जानकारी उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिले में एक और कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना होने से किसानों को उन्नत एवं तकनीकी कृषि की जानकारी स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी। इससे किसानों को परंपरागत खेती के साथ-साथ आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने में मदद मिलेगी और उनकी आय बढ़ाने के नए अवसर भी पैदा होंगे। सांसद सीपी जोशी ने केंद्र सरकार से आग्रह करते हुए कहा कि चित्तौड़गढ़ जिले के किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए भैंसरोड़गढ़-रावतभाटा क्षेत्र में एक नए कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि क्षेत्र के किसानों को कृषि से संबंधित नवीन तकनीकों, प्रशिक्षण और विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल