home page

बाल दिवस पर बच्चों ने सड़क सुरक्षा रैली निकाल कर दिया यातायात नियमों की पालना का संदेश

 | 
बाल दिवस पर बच्चों ने सड़क सुरक्षा रैली निकाल कर दिया यातायात नियमों की पालना का संदेश


जयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। बाल दिवस पर राज्य सड़क सुरक्षा दिवस और विश्व सड़क दुर्घटना पीड़ित स्मरण दिवस के उपलक्ष्य में यातायात पुलिस जयपुर और एक निजी विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में भगवान दास रोड एवं आसपास के क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आमजन और वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना के प्रति जागरूक किया।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (प्रशासन एवं यातायात) प्रदीप मोहन तथा पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रवीण नायक नूनावत के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना और सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों को स्मरण करना रहा।

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेशों की तख्तियां लेकर वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, कार में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने संदेश दिया कि यातायात नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है, जबकि थोड़ी सी सावधानी कई अनमोल जीवन बचा सकती है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात दक्षिण सुनीता मीणा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। नियमों की पालना से स्वयं के साथ दूसरों का जीवन भी सुरक्षित रखा जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश