home page

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं संग खेली फूलों की होली, दिया सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल होली का संदेश

 | 
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं संग खेली फूलों की होली, दिया सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल होली का संदेश


जयपुर, 02 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को भांकरोटा स्थित संगम पैराडाइज में आयोजित होली स्नेह मिलन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ फूलों की होली खेली और सुरक्षित व पर्यावरण अनुकूल होली मनाने का संदेश दिया। समारोह में उल्लास और उमंग के रंग बिखरे।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं, बच्चों और युवाओं से आत्मीय मुलाकात कर सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने रसिया गीतों एवं पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। शर्मा ने कलाकारों पर फूल बरसाकर और नगाड़ा बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। किसानों ने मुख्यमंत्री को गेहूं की बालियां भेंट कर आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी संस्कृति में प्रत्येक त्योहार का विशेष महत्व है। होली का पर्व उल्लास और उमंग का उत्सव है, जो जीवन में नए रंग भरता है और हमें आपसी भाईचारे के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 28 फरवरी को अजमेर से राजस्थान को कई सौगातें दीं तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए देशव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

शर्मा ने विधानसभा में प्रस्तुत ‘2 साल बनाम 5 साल’ प्रतिवेदन का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर बिना बहस के सदन छोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं। सरकार प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास’ मंत्र को आत्मसात करते हुए युवा, किसान, महिला और मजदूरों के सशक्तीकरण के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि अब तक सवा लाख युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं तथा एक लाख 35 हजार पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। वर्ष 2026 के लिए एक लाख पदों का भर्ती कैलेंडर जारी किया गया था और बजट में 25 हजार अतिरिक्त पदों के लिए भी घोषणा की गई है। इस प्रकार इस वर्ष एक लाख 25 हजार पदों पर भर्तियों का कैलेंडर जारी होगा। उन्होंने युवाओं से मन लगाकर पढ़ाई और मेहनत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

समारोह से लौटते समय मुख्यमंत्री ने भांकरोटा में एक चाय की दुकान पर रुककर आमजन से मुलाकात की। इससे पूर्व मुख्यमंत्री निवास पर भी होली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया, जहां अखिल भारतीय सेवाओं के वरिष्ठ अधिकारियोंभारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा एवं भारतीय वन सेवा के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को होली की शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित