मुख्यमंत्री ने की मतदान की अपील, बोले—नगर के विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए जरूर करें वोट
जयपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में नगर निकाय चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के मतदान के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों से अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रदेशवासियों से घरों से निकलकर मतदान केंद्रों पर पहुंचने और अपने नगर के विकास एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए मतदान करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रत्येक मत नगर के विकास, बेहतर सुविधाओं और उज्ज्वल भविष्य की नींव को मजबूत करता है। ऐसे में मतदान के दिन सभी नागरिक अपने मत का प्रयोग जरूर करें।
उन्होंने विशेष रूप से पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं से पूरे उत्साह के साथ लोकतंत्र के पर्व में शामिल होने का आग्रह किया। साथ ही युवाओं से अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में मतदाताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। नगर निकाय चुनाव में प्रत्येक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर अपने नगर के भविष्य को बेहतर बनाने में योगदान दे सकता है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से मिलकर मतदान करने और लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

