home page

मुख्य निर्वाचन आयुक्त शनिवार काे जयपुर में प्रदेशभर के बीएलओ से करेंगे संवाद

 | 
मुख्य निर्वाचन आयुक्त शनिवार काे जयपुर में प्रदेशभर के बीएलओ से करेंगे संवाद


जयपुर, 19 जून (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार शनिवार 20 जून को जयपुर के सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित विशेष संवाद कार्यक्रम में प्रदेशभर के लगभग 700 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और सुपरवाइजरों से संवाद करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी माने जाने वाले बीएलओ के अनुभवों, सुझावों और जमीनी स्तर पर आने वाली चुनौतियों को समझना तथा निर्वाचन कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उनका मार्गदर्शन करना है।

उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त करीब 1 घंटा 15 मिनट तक बीएलओ और सुपरवाइजरों से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान वे मतदाता सूची के अद्यतन, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता जागरूकता और निर्वाचन संबंधी गतिविधियों में बीएलओ की भूमिका की समीक्षा करेंगे। साथ ही अधिकारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों और सुझावों पर भी अपने विचार साझा करेंगे।

कार्यक्रम में निर्वाचन कार्यों के दौरान किए गए नवाचारों और बीएलओ के अनुभवों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

निर्वाचन आयोग का मानना है कि इस तरह का संवाद निर्वाचन तंत्र को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

गौरतलब है कि बूथ लेवल अधिकारी निर्वाचन प्रक्रिया की आधारभूत इकाई के रूप में कार्य करते हैं। मतदाता सूची के अद्यतन, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता पहचान सत्यापन और निर्वाचन आयोग की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रहती है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विभिन्न चरणों में राजस्थान ने देशभर में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। राज्य ने एसआईआर शुरू होने से पहले ही 70 प्रतिशत मैपिंग और अभियान के दौरान 98 प्रतिशत मैपिंग पूरी कर देश में पहला स्थान हासिल किया।

राजस्थान में एसआईआर अभियान 27 अक्टूबर 2025 से शुरू हुआ था, जबकि गणना चरण की शुरुआत 4 नवंबर 2025 से हुई। मतदाता सूचियों के प्रारूप का प्रकाशन 16 दिसंबर 2025 को किया गया और अंता विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर 199 विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची 21 फरवरी 2026 को प्रकाशित की गई।

अंता विधानसभा क्षेत्र को शामिल करने के बाद राजस्थान में अंतिम मतदाता सूची में कुल 5.17 करोड़ मतदाता दर्ज किए गए। राज्य के 52,490 बूथ लेवल अधिकारियों के अथक प्रयासों से 5.48 करोड़ मतदाताओं के लिए एसआईआर का कार्य निर्धारित समय से पहले सफलतापूर्वक पूरा किया गया, जिसे निर्वाचन प्रबंधन की दृष्टि से बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित