“छात्रों की गूंज” अभियान के तहत जयपुर में छात्र संवाद एवं कवि सम्मेलन का आयोजन
जयपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। पेपर लीक, भर्ती घोटालों और बदहाल शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ देशभर में चल रहे “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत जयपुर में दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों के माध्यम से छात्रों की समस्याओं, युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता पर गंभीर चर्चा की गई।
अंबेडकर वेलफेयर सोसाइटी, झालाना डूंगरी, जयपुर में आयोजित “छात्र संवाद” कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव सचिन पायलट एवं एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित अनेक विधायकगण एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में छात्र-युवाओं से संवाद करते हुए वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं, लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों पर चिंता व्यक्त की तथा युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इसके पश्चात शाम को एनएसयूआई राजस्थान द्वारा राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर में “कवि सम्मेलन” का आयोजन किया गया, जिसमें एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ विशेष रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर विभिन्न कवियों ने अपनी ओजस्वी कविताओं और प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं की पीड़ा, संघर्ष और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को सशक्त स्वर दिया। कार्यक्रम लोकतांत्रिक एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति का एक प्रभावी मंच साबित हुआ, जिसने छात्रों की भावनाओं और आकांक्षाओं को समाज के सामने मजबूती से रखा।
इस अवसर पर विनोद जाखड़ ने आराेप लगाते हुए कहा कि आज जिस प्रकार केंद्र की मोदी सरकार पेपर लीक, भर्ती घोटालों और बदहाल शिक्षा व्यवस्था के माध्यम से देश के युवाओं के सपनों पर लगातार प्रहार कर रही है, उसके खिलाफ हर लोकतांत्रिक मंच से आवाज़ उठाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि देश का युवा अब अपने भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा न्याय सुनिश्चित होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि “छात्रों की गूंज” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षित भविष्य की लड़ाई है। एनएसयूआई छात्रों की हर लोकतांत्रिक आवाज़ को मजबूती से उठाती रहेगी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए अपना संघर्ष निरंतर जारी रखेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

