home page

छठ महापर्व: व्रतियों ने खरना का प्रसाद ग्रहण कर की छठी मैया की आराधना

 | 
छठ महापर्व: व्रतियों ने खरना का प्रसाद ग्रहण कर की छठी मैया की आराधना


छठ महापर्व: व्रतियों ने खरना का प्रसाद ग्रहण कर की छठी मैया की आराधना


छठ महापर्व: व्रतियों ने खरना का प्रसाद ग्रहण कर की छठी मैया की आराधना


जयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व डाला छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ। शनिवार को व्रतियों ने खरना किया और छठी मैया को प्रसाद का भोग लगाकर स्वयं प्रसाद ग्रहण किया। रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे। इसके बाद सोमवार को उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत संपन्न होगा।

बिहार समाज संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुरेश पंडित ने बताया कि खरना के दिन व्रती महिला और पुरुष दिनभर निर्जला निराहार रहकर शाम को पूजा करते हैं। इस अवसर पर मिट्टी के चूल्हे पर कच्चे चावल और गुड़ से खीर तथा सूखी रोटी बनाई जाती है। केले के पत्ते पर प्रसाद रखकर तुलसी का पत्ता चढ़ाया जाता है और घी का दीपक जलाकर भगवान सूर्यदेव व छठी मैया को भोग लगाया जाता है। इसके बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं।

खरना का प्रसाद ग्रहण करते समय विशेष सावधानी रखी जाती है कि व्रती को किसी प्रकार की आवाज सुनाई न दे। इसके बाद परिवार और रिश्तेदार प्रसाद ग्रहण करते हैं। आसपास के उन पड़ोसियों को भी प्रसाद के लिए आमंत्रित किया जाता है, जिनके यहां छठ पर्व नहीं मनाया जाता। नहाय-खाय के दिन व्रत करने वाले लोग शुद्ध शाकाहारी भोजन के रूप में चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी ग्रहण करते हैं।

जयपुर में गलता जी तीर्थ, शास्त्री नगर स्थित स्वर्ण जयंती गार्डन के पीछे किशन बाग, हसनपुरा रोड पर एनबीसी के पीछे दुर्गा विस्तार कॉलोनी, दिल्ली रोड, प्रताप नगर, मालवीय नगर, रॉयल सिटी माचवा, मुरलीपुरा, आदर्श नगर, विश्वकर्मा, जवाहर नगर, निवारू रोड, झोटवाड़ा, लक्ष्मी नगर, कानोता, आमेर रोड, सोडाला, अजमेर रोड, हीरापुरा पावर हाउस, सिविल लाइंस, 52 फुट हनुमानजी मंदिर के सामने लालसोट धाम आगरा रोड, गुर्जर की थड़ी और आकेड़ा डूंगर सहित विभिन्न स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन होंगे।

छठ पूजा में फल और अन्य पूजन सामग्री से भरे सूप का विशेष महत्व है, लेकिन ठेकुआ के बिना छठ का प्रसाद अधूरा माना जाता है। इसे गेहूं के आटे से तैयार किया जाता है। पूजा की सामग्री की शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। मान्यता है कि पूजा से जुड़ी किसी भी सामग्री को बच्चा, पक्षी या कोई जानवर जूठा न करे।

छठ पर्व पर भगवान सूर्य और उनकी बहन छठी मैया की आराधना में गाए जाने वाले पारंपरिक लोकगीत वातावरण को भक्तिमय बना रहे हैं। दीपावली के बाद से ही छठ पर्व मनाने वाले घरों में 'केरवा जे फरेला घवद से', 'सबेरे चरण तोहार हे छठी मईया' और 'उगऽ हे सूरज देव अरघ के बेर' जैसे गीत गूंज रहे हैं। सोमवार को उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश