home page

छठ मेला: आमेर के शिला माता मंदिर में उमड़े श्रद्धालु

 | 
छठ मेला: आमेर के शिला माता मंदिर में उमड़े श्रद्धालु


जयपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। आमेर शिला माता मंदिर में शुक्रवार को छठ का मेला भरा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु दंडवत प्रणाम करते मंदिर आए। वहीं दर्जनों पदयात्राएं भी आईं। सुबह 6 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक और शाम 4 बजे से रात 8.30 बजे तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

पुजारी बनवारी लाल शर्मा के सानिध्य में छठ का विशेष पूजन किया गया। 18 अक्टूबर को रात 10 बजे निशा पूजन होगा। 19 अक्टूबर को शाम 4.30 बजे हवन की पूर्णाहुति और 21 अक्टूबर को सुबह 10.30 बजे नवरात्र उत्थापना होगा। नवरात्रि में रोजाना बाल भोग सुबह 8 से 8.15 बजे, प्रातः: आरती 10 बजे, संध्या आरती शाम 6.30 बजे, रात्रि भोग 7.45 से 8 बजे तक और शयन आरती रात 8.30 बजे होगी।

मनसा माता मंदिर में षष्ठी पूजन संपन्न: ठिकाना मंदिर श्री गोविन्द देव जी, के कनक घाटी आमेर रोड स्थित अधीनस्थ मंदिर श्री देवी मनसा माता में नवरात्र महोत्सव के तहत शुक्रवार को षष्ठी पूजन हुआ। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में चण्डी पाठ, माता का विशेष श्रृंगार, भोग, आरती और पुष्पांजलि सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान हुए। शाम को अशोका षष्ठी, बेलवरण आमंत्रण एवं अधिवास हुआ। 17 अक्टूबर को सप्तमी पर मूल नक्षत्र में नवपत्रिका प्रवेश प्रात: 7:04 बजे होगा। चण्डी पाठ, श्रृंगार, भोग, आरती और पुष्पांजलि सहित धार्मिक अनुष्ठान होंगे।

रविवार को पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र में सप्तमी का विशेष पूजन प्रात: 6 बजे तक रहेगा। सोमवार, 19 अक्टूबर को उत्तराषाढ़ा नक्षत्र में अष्टमी पूजन एवं संबंधित धार्मिक अनुष्ठान होंगे।

मंगलवार, 20 अक्टूबर को श्रवण नक्षत्र में महानवमी पूजन का समापन प्रात: 9:31 बजे तक होगा। इस अवसर पर कन्या पूजन, बटुक पूजन, रामनवमी पूजन, हनुमान जी पूजन और हवन सहित धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बुधवार, 21 अक्टूबर को धनिष्ठा नक्षत्र में प्रात: 10:47 बजे तक अपराजिता पूजन होगा। नवरात्र महोत्सव के समापन अवसर पर माता की पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश