home page

चेन्नई सुपरफास्ट का मोदरान रेलवे स्टेशन पर सोमवार से ठहराव

 | 
चेन्नई सुपरफास्ट का मोदरान रेलवे स्टेशन पर सोमवार से ठहराव


जोधपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए भगत की कोठी-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-भगत की कोठी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल अंतर्गत मोदरान रेलवे स्टेशन पर ठहराव स्वीकृत किया है। यह ठहराव 20 अप्रैल से नियमित रूप से लागू हो जाएगा। इस ठहराव से दक्षिण भारत से मारवाड़ की सीधी कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में अधिक सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की लगातार उठ रही मांग और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए लूनी-भीलड़ी रेलखंड के मोदरान स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव शुरू किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि निर्धारित समय के अनुसार ट्रेन संख्या 20626 भगत की कोठी-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस (सप्ताह में 5 दिन) मोदरान स्टेशन पर सुबह 8.24 बजे पहुंचेगी और 8.27 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं ट्रेन संख्या 20625 एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-भगत की कोठी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (सप्ताह में 5 दिन) 21 अप्रैल से मोदरान स्टेशन पर सुबह 7.43 बजे पहुंचेगी और 7.46 बजे रवाना होगी। इस नए ठहराव के कारण ट्रेन के अन्य स्टेशनों पर ठहराव और संचालन समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश