home page

रविवार से गूंजेगा माता रानी का जयकारा: नवरात्र के स्वागत में सजने लगे जयपुर के बाजार

 | 
रविवार से गूंजेगा माता रानी का जयकारा: नवरात्र के स्वागत में सजने लगे जयपुर के बाजार


जयपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र रविवार से शुरू होने जा रहे हैं। इसे लेकर राजधानी जयपुर के प्रमुख बाजारों सहित शहर के अन्य बाजारों में भी माता रानी के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बाजारों में पूजा सामग्री, चुनरी, नारियल, कलश, लाल वस्त्र, माता की प्रतिमाओं और सजावटी सामान की दुकानें सजने लगी हैं। नवरात्र के आगमन के साथ ही बाजारों में धार्मिक उत्साह का माहौल बनने लगा है।

शहर के परकोटा क्षेत्र, बड़ी चौपड़, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, जौहरी बाजार, किशनपोल बाजार, चांदपोल बाजार, मानसरोवर, मालवीय नगर और प्रताप नगर सहित विभिन्न इलाकों में नवरात्र से जुड़ी सामग्री की खरीदारी के लिए लोग पहुंच रहे हैं। दुकानदारों ने भी ग्राहकों की मांग को देखते हुए पूजा सामग्री और सजावटी वस्तुओं का स्टॉक तैयार करना शुरू कर दिया है।

नवरात्र के दौरान घरों में घट स्थापना, अखंड ज्योत और दुर्गा पूजा की तैयारियां की जाती हैं। इसके चलते कलश, मिट्टी के पात्र, दीपक, घी, रोली, मौली, नारियल, सुपारी और पूजा थालियों की मांग रहती है। वहीं, माता की चौकी सजाने के लिए चुनरी, फूल-मालाएं, बंदनवार और रंग-बिरंगी रोशनी के सामान भी खरीदे जाते हैं।

इधर शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में भी नवरात्र की तैयारियां की जा रही हैं। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, दर्शन व्यवस्था और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारू रखने की तैयारियां की जा रही हैं। नवरात्र के नौ दिनों में माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश