चांदपोल परकोटा गणेश मंदिर में बुध प्रदोष पर सजी भव्य फूल बंगला झांकी
जयपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। छोटी काशी के प्रसिद्ध श्री चांदपोल परकोटा गणेश मंदिर में बुधवार को बुध प्रदोष के पावन अवसर पर गणेश जी महाराज का भव्य श्रृंगार किया गया। वहीं इस भीषण गर्मी को देखते हुए अब मंदिर में ठाकुर जी की सेवा-पूजा में भी शीतलता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
महंत पंडित अमित शर्मा के सानिध्य में आयोजित इस विशेष सेवा की शुरुआत सर्वप्रथम प्रथम पूज्य के अभिषेक से हुई। गणेश जी महाराज को केवड़ा जल और गुलाब जल से शीतल अभिषेक कराया गया। इसके पश्चात गणपति को नवीन सिंदूर का चोला चढ़ाकर आकर्षक नवीन पोशाक धारण कराई गई। शाम को मंदिर परिसर में महकते फूलों के बीच भव्य फूल बंगला झांकी सजाई गई, जिसके दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।
वहीं बढ़ते तापमान और ग्रीष्म ऋतु के प्रभाव को देखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा गणेश जी महाराज की 'भोग सेवा' में भी परिवर्तन किया गया है। अब ठाकुर जी को ठंडी तासीर वाली सामग्रियों का अर्पण शुरू कर दिया गया है। बुधवार को भोग में
ठंडाई ,शरबत, राबड़ी , दही, तरबूज, मतीरा और अन्य मौसमी फल मुख्य रूप से अर्पित किए गए।
महंत अमित शर्मा ने बताया कि परंपरा अनुसार ऋतु परिवर्तन के साथ ही भगवान की पोशाक और खान-पान में बदलाव किया जाता है, ताकि उन्हें शीतलता प्रदान की जा सके। देर रात तक भक्त गणेश जी की मनमोहक झांकी के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाते रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

