home page

चंडीगढ़ के वरिष्ठ पत्रकारों ने किया काजरी का भ्रमण : दल 14 तक राजस्थान दौरे पर

 | 
चंडीगढ़ के वरिष्ठ पत्रकारों ने किया काजरी का भ्रमण : दल 14 तक राजस्थान दौरे पर


जोधपुर, 09 मार्च (हि.स.)। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) चंडीगढ़ के वरिष्ठ पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल 8 से 14 मार्च तक राजस्थान के दौरे पर है। 9 मार्च को प्रतिनिधिमंडल ने जोधपुर स्थित केंद्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान (काजरी) और शुष्क वन अनुसंधान संस्थान (आफरी) का दौरा किया।

काजरी के निदेशक डॉ. सुरेशपाल सिंह तंवर ने बताया कि संस्थान थार मरुस्थल और ठंडे रेगिस्तानी क्षेत्रों में कृषि विकास के लिए कार्य कर रहा है। टिब्बा स्थिरीकरण, जल प्रबंधन, प्राकृतिक संसाधन संरक्षण, फलोद्यानिकी और पशुपालन जैसे क्षेत्रों में शोध कर कई तकनीकें विकसित की गई हैं, जिनसे कृषि उत्पादन और हरियाली में वृद्धि हुई है। कम पानी और कम लागत वाली खरीफ व रबी फसलों की उन्नत किस्में भी विकसित की गई हैं। समन्वित कृषि प्रणाली के मॉडल से किसानों को वर्षभर आय प्राप्त हो रही है।

काजरी द्वारा मिलेट्स से बाजरा बिस्किट, कुरकुरे और चॉकलेट जैसे उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं तथा उद्यमियों को स्टार्टअप के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वैज्ञानिक एआई आधारित खेती, स्मार्ट जल प्रबंधन और टिकाऊ कृषि पद्धतियों पर भी कार्य कर रहे हैं। वैज्ञानिकों ने बेर, आंवला, अनार, खजूर की खेती, सौर ऊर्जा संयंत्र, एग्रो-वोल्टाइक प्रणाली तथा मोटे अनाज से उत्पाद बनाने की तकनीक के बारे में भी जानकारी दी।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने आफरी का दौरा किया। निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि संस्थान वन संरक्षण, मरुस्थलीकरण रोकने और पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्य कर रहा है। मृदा संरक्षण के तहत वन मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी किए गए हैं। साथ ही वृक्ष सुधार कार्यक्रम के तहत शीशम क्लोन, खेजड़ी वृक्ष संरक्षण तथा अवक्रमित भूमि व टिब्बों के पुनर्वास पर भी अनुसंधान किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश