home page

एसआईआर व मनरेगा को लेकर भ्रम फैला रही है कांग्रेस : शेखावत

 | 
एसआईआर व मनरेगा को लेकर भ्रम फैला रही है कांग्रेस : शेखावत


जोधपुर, 21 जनवरी (हि.स.)। केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस पार्टी की ओर से एसआईआर और मनरेगा का नाम बदलने को लेकर किए जा रहे विरोध पर सीधा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि एसआईआर व मनरेगा को लेकर कांग्रेस आमजन में भ्रम फैला रही है। यह बात उन्होंने यहां जोधपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए कही। वे आज दोपहर जोधपुर प्रवास पर पहुंचे थे।

शेखावत ने कहा कि कांग्रेस के पास मुद्दे ही नहीं बचे हैं। लगातार एक के बाद एक चुनाव में जनता ने उनको उनकी हकीकत से रूबरू करवा दिया। हाल ही में हुए महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनाव में भी यही हाल दिखा। वहां कांग्रेस माइक्रोस्कोप से ढूंढने पर नजर आती है। इसलिए कांग्रेस नॉन इश्यूज़ को इश्यू बनकर खुद को प्रासंगिक बनाए रखने की कोशिश कर रही है। झूठ के आसरे भ्रम खड़ा कर लोगों के बीच इस आंदोलन को जन आंदोलन बनाने के प्रयास कांग्रेस की ओर से किया जा रहे हैं लेकिन हम सब ने देखा है कि हर ऐसे प्रयास में कांग्रेस असफल हुई है। जनता ने उनको नकार दिया है। जिसका दंड जनता ने उनको दिया है।

उन्होंने कहा कि नरेगा की जो व्यवस्था है जिसमें पिछले 25 वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों का परिवेश बदला है। ऐस में निश्चित रूप से उसमें बदलाव की आवश्यकता थी। क्योंकि इसमें भ्रष्टाचार की शिकायतें हर प्रांत से आती थी। करीब 11 लाख शिकायतें इसको लेकर भारत सरकार के पास पहुंची थी। इसलिए इसमें बदलाव जरूरी था। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है इसलिए वो कभी एसआईआर, कभी मनरेगा तो कभी जी राम जी को मुद्दा बनाती है। झूठ के सहारे खुद को जिंदा रखने की कोशिश कांग्रेस कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश