home page

काजरी में तीन दिवसीय कौशल विकास कार्यक्रम का समापन

 | 
काजरी में तीन दिवसीय कौशल विकास कार्यक्रम का समापन


जोधपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान (काजरी) के कृषि व्यवसाय अभिपोषण केंद्र में अनुसूचित जाति उप योजना के सहयोग से बागवानी एवं कृषि वानिकी नर्सरी स्थापना विषय पर आयोजित तीन दिवसीय कौशल विकास कार्यक्रम का समापन हो गया है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पश्चिमी राजस्थान की शुष्क एवं विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप नर्सरी स्थापना, गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन तथा नर्सरी आधारित कृषि व्यवसाय की तकनीकी एवं उद्यमिता संबंधी संभावनाओं पर प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम में कुल 12 युवा प्रतिभागियों ने भाग लिया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए काजरी के निदेशक डॉ. हनुमान सहाय जाट ने कहा कि बदलते कृषि परिदृश्य में नर्सरी व्यवसाय युवाओं के लिए स्वरोजगार और आयवृद्धि का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि नर्सरी आधारित व्यवसाय की सफलता के लिए गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणिक पौध सामग्री तैयार करना अत्यंत आवश्यक है।

पश्चिमी राजस्थान की जलवायु, सीमित जल संसाधनों तथा स्थानीय कृषि परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रानुकूल पौध सामग्री के उत्पादन एवं नर्सरी व्यवसाय के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। कृषि व्यवसाय अभिपोषण केंद्र के प्रभारी डॉ. धीरज सिंह ने बताया कि केंद्र का उद्देश्य शुष्क एवं अर्द्धशुष्क क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप कृषि को व्यवसाय एवं उद्यमिता से जोडऩा है। केंद्र द्वारा नर्सरी व्यवसाय सहित विभिन्न कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में 25 से अधिक तकनीकों पर प्रशिक्षण एवं उद्यमिता विकास कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश