home page

काजरी का एग्री-इको-टूरिज्म पार्क नए पर्यटन स्थल के रूप में होगा विकसित

 | 
काजरी का एग्री-इको-टूरिज्म पार्क नए पर्यटन स्थल के रूप में होगा विकसित


पर्यटकों के लिए इलेक्ट्रिक वाहन सहित नई सुविधाएं शुरू

जोधपुर, 24 नवम्बर (हि.स.)भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-केंद्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान (भाकृअनुप-काजरी) जोधपुर द्वारा अपने एग्री-इको-टूरिज्म पार्क को एक विशिष्ट पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां पर्यटक थार मरुस्थल की समृद्ध जैव विविधता, प्राकृतिक सौंदर्य, पारंपरिक विरासत एवं शुष्क क्षेत्र की विशिष्ट कृषि तकनीकों का प्रत्यक्ष अनुभव कर सकेंगे। पर्यटकों की सुविधा एवं भ्रमण को अधिक सुगम और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से पार्क में इलेक्ट्रिक टूरिस्ट वाहन की सुविधा प्रारंभ की गई है। संस्थान के निदेशक डॉ. एचएस जाट ने नए इलेक्ट्रिक वाहन का उद्घाटन किया।

लगभग 8 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला यह पार्क मरुस्थलीय पारिस्थितिकी तंत्र का अनूठा परिचय प्रस्तुत करता है। यहां मरुस्थलीय क्षेत्र की 300 से अधिक विविध प्रजातियों को प्रदर्शित किया गया है। पार्क के 32 सुव्यवस्थित ब्लॉकों में पक्के भ्रमण मार्ग विकसित किए गए हैं, जहां पर्यटक मरुस्थलीय वनस्पतियों, जैव विविधता तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत प्रबंधन की विभिन्न तकनीकों को देख और समझ सकते हैं।

यहां रेत के टीलों का स्थिरीकरण, पारंपरिक वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण तथा शुष्क क्षेत्रों के अनुकूल विकसित उन्नत कृषि तकनीकें प्रमुख आकर्षण हैं। पार्क में शुरू किया गया नया इलेक्ट्रिक टूरिस्ट वाहन पर्यटकों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा है।

इसके माध्यम से आगंतुक आरामदायक एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से पार्क के विभिन्न हिस्सों का गाइडेड भ्रमण कर सकेंगे तथा यहां प्रदर्शित जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण और वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यह सुविधा विशेष रूप से परिवारों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, किसानों, शोधार्थियों एवं देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए उपयोगी होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश