जयपुर में सजा काजू का बाजार: 845 डेलीगेट्स ने लिया कन्वेंशन में हिस्सा
जयपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। ऑल इंडिया काजू एसोसिएशन (एआइसीए) और इवेंटेल ग्लोबल एडवाइजरी की ओर से एपीडा के सहयोग से आयोजित तीसरे ऑल इंडिया काजू कन्वेंशन का रविवार को जयपुर में समापन हुआ। सम्मेलन में देशभर से काजू उद्योग से जुड़े 845 से अधिक डेलीगेट्स और 1000 से अधिक विजिटर्स शामिल हुए। वहीं 100 से अधिक प्रदर्शकों ने काजू उद्योग से जुड़ी नई तकनीक, उत्पाद और समाधान प्रदर्शित किए।
कन्वेंशन में काजू प्रोसेसिंग क्षेत्र में आधुनिक तकनीक की जानकारी देने के लिए 10 नवीनतम मशीनरी टेक्नोलॉजी का लाइव डेमोंस्ट्रेशन किया गया। प्रतिभागियों ने इन तकनीकों के जरिए प्रोसेसिंग में दक्षता, उत्पादकता और आधुनिकीकरण की संभावनाओं को प्रत्यक्ष रूप से समझा। इस वर्ष कन्वेंशन के साथ पहली बार आम उपभोक्ताओं के लिए बी2सी पहल ‘काजू महोत्सव’ का आयोजन एनडीएफसीआई के सहयोग से किया गया। इसका उद्देश्य काजू के पोषण, उपयोगिता और विभिन्न खाद्य उत्पादों में इसके इस्तेमाल के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
काजू महोत्सव में 8 सेलिब्रिटी शेफ ने हिस्सा लिया और काजू से तैयार 80 से अधिक इनोवेटिव व्यंजन बनाकर प्रस्तुत किए। इसके अलावा विशेष ‘एक्सपीरियंस जोन’ में काजू के वैज्ञानिक तथ्यों, पोषण संबंधी गुणों और स्वास्थ्य लाभों की जानकारी सरल एवं रोचक तरीके से दी गई। आयोजकों के अनुसार 1000 से अधिक परिवारों ने काजू महोत्सव में हिस्सा लिया।
कन्वेंशन के उद्घाटन अवसर पर एपीडा के डिप्टी जनरल मैनेजर मन प्रकाश विजय ने उद्योग जगत से भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं और पहलों का लाभ उठाकर मैन्युफैक्चरिंग को आधुनिक बनाने, नए बाजारों तक पहुंच बढ़ाने और काजू निर्यात को गति देने की अपील की।
वहीं डीजीएफटी जयपुर के रीजनल अथॉरिटी मोहम्मद मोइन अफाक ने हाल ही में शुरू किए गए एक्सपोर्ट मिशन की जानकारी दी और काजू उद्योग के लिए उपलब्ध निर्यात अवसरों पर प्रकाश डाला।
कन्वेंशन में एआईसीए मॉडल कॉन्ट्रैक्ट और एआईसीए मॉडल आर्बिट्रेशन एंड डिस्प्यूट रिज़ॉल्यूशन सेंटर पर वर्किंग पेपर प्रस्तुत किया गया। उद्योग से जुड़े हितधारकों से इस पर सुझाव और परामर्श भी आमंत्रित किए गए। इन पहलों का उद्देश्य काजू उद्योग में कारोबारी और संविदात्मक विवादों के समाधान के लिए व्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी व्यवस्था विकसित करना है।
एआईसीए अध्यक्ष बोला राहुल कामथ ने कहा कि तीसरा एआईसीए काजू कन्वेंशन संस्था के लिए ऐतिहासिक अवसर है। जयपुर में काजू के लिए पहली जेनेरिक प्रमोशन पहल शुरू की गई है। जयपुर काजू के बड़े बाजारों में शामिल होने के साथ फूड और क्यूलिनेरी इनोवेशन का भी प्रमुख केंद्र है। उन्होंने काजू से जुड़े इनोवेटिव उत्पाद प्रस्तुत करने वाले शेफ्स का आभार जताते हुए कहा कि एआईसीए भविष्य में भी काजू के जेनेरिक प्रमोशन की दिशा में काम करता रहेगा।
कन्वेंशन ने काजू उद्योग से जुड़े विभिन्न हितधारकों को एक मंच पर लाकर टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, आधुनिकीकरण, निर्यात और उपभोक्ता जागरूकता के साथ उद्योग के भविष्य के विकास पर संवाद और सहयोग के नए अवसर उपलब्ध कराए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

