कैश वैन से 51 लाख की लूट का पर्दाफाश, 46 लाख रुपये बरामद
बीकानेर, 11 अगस्त (हि.स.)। कैश वैन से 51 लाख रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 46 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने सोमवार को मामले में चरकड़ा निवासी विक्रम सिंह और स्वरूपदेसर निवासी श्याम सुंदर को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर लूट की राशि बरामद की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बीएल मीणा, नोखा वृत्ताधिकारी जरनैल सिंह और पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस जांच में सामने आया कि सीएमएस इंफो सिस्टम लिमिटेड कंपनी का कस्टोडियन कर्मचारी विक्रम सिंह लूट का मास्टरमाइंड था। उसकी जिम्मेदारी बैंकों से नकदी लेकर नोखा क्षेत्र के एटीएम में कैश लोड करने की थी। योजना के तहत 5 अगस्त को विक्रम सिंह कैश वैन को नोखा से सारूंडा की ओर ले गया, जबकि नकदी नोखा के एटीएम में लोड की जानी थी।
सारूंडा रोड पर पहले से तय योजना के अनुसार बिना नंबर की कैंपर गाड़ी में आए उसके साथियों ने कैश वैन को रोककर चालक और गार्ड को हथियारों का भय दिखाया तथा 51 लाख रुपये से भरा कैश बॉक्स लूट लिया। योजना के तहत विक्रम सिंह ने कैश वैन का लॉक खोलकर कैश बॉक्स निकालने में मदद की। इसके बाद लूट की रकम आपस में बांटने की योजना थी।
पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि मामले में 5 अगस्त को सीएमएस इंफो सिस्टम लिमिटेड बीकानेर के शाखा प्रबंधक आदित्य रावत की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया था। कंपनी विभिन्न बैंकों से नकदी लेकर एटीएम में कैश लोड करने का काम करती है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

