लोक अदालत में आपसी समझाइश से हुआ मामलों का निपटारा
जोधपुर, 09 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली तथा राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार इस साल की द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शनिवार को जिला व महानगर न्यायक्षेत्र में किया गया। इस दौरान लोक अदालत में ना किसी की जीत-ना किसी की हार थीम पर आपसी समझाइश से मामलों का निपटारा किया गया।
जोधपुर जिला न्यायक्षेत्र के अधीनस्थ समस्त तालुका विधिक सेवा समिति बिलाड़ा, बालेसर, ओसियां, पीपाड़, भोपालगढ़ के लिए स्थित समस्त न्यायालयों में राजीनामा योग्य लम्बित दीवानी एवं फौजदारी प्रकरण, प्री-लिटिगेशन प्रकरणों के साथ-साथ राजस्व प्रकरणों के निस्तारण के लिए बैंचों का गठन किया गया।
जोधपुर जिला मुख्यालय पर तीन बैंचों में अध्यक्ष के रूप में जिला एवं सेशन न्यायाधीश, जोधपुर जिला पूरण कुमार शर्मा, डॉ. मनीष हरजाई और न्यायिक मजिस्ट्रेट, जोधपुर जिला आदित्य द्वारा प्रकरणों का निस्तारण किया गया। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण्, जोधपुर महानगर के सचिव राकेश रामावत ने बताया कि चिन्हित प्रकरणों में राष्ट्रीय लोक अदालत की भावना से निस्तारण के लिए कुल आठ बैंचो का गठन किया गया।
लोक अदालत के दौरान जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष प्रथम के कुल 15 एवं द्वितीय आयोग के कुल तीन प्रकरण रखे गए। एडीआर सेंटर में अध्यक्ष राकेश रामावत व सदस्य अधिवक्ता अशोक कुमार जोशी की बैंच संख्या 7 में जिला आयोग प्रथम के कुल 12 प्रकरणों का निस्तारण कर कुल 2,275053 की अवार्ड राशि पारित की गई एवं जिला आयोग द्वितीय के 3 प्रकरणों का निस्तारण कर अवार्ड राशि 142000 पारित कर उपभोक्ताओं को राहत प्रदान कराई गई। इस लोक अदालत में बैंकिंग, इंश्योरेंस, जोधपुर विकास प्राधिकरण, हॉस्पिटल, प्रॉपर्टी, ऑनलाइन कंपनी के परिवाद रखे गए।
दोनों आयोग द्वारा कुल 2417053 रुपये की राशि का अवार्ड पारित किया गया। इस लोक अदालत में आयोग की सहायक प्रशासनिक अधिकारी रेशम बाला, जिला आयोग प्रथम व कोर्ट रीडर अरमान खान, जिला आयोग द्वितीय सहायक कर्मचारी, हीरसिंह भाटी, रघुनाथराम के साथ विधिक सेवा के महेंद्र प्रताप सिंह, भागीरथ चौधरी, अजय प्रजापत, नरेंद्र कुमार का सहयोग रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

