डीजे पर नाच रहे लोगों में घुसी कार, 16 घायल
जयपुर, 08 मार्च (हि.स.)। जयपुर शहर के बस्सी इलाके में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। डीजे पर नाचते-गाते जा रहे लोगों के बीच अचानक एक कार अनियंत्रित होकर घुस गई, जिससे 16 लोग घायल हो गए। सभी लोग भात लेकर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार हादसा रात में बस्सी क्षेत्र के एनडीपीसी मोड़ पर हुआ। जमवारामगढ़ से करीब 50 लोगों का समूह भात भरने के लिए बस्सी आया था और डीजे की धुन पर नाचते-गाते मालियों की ढाणी की ओर जा रहा था। डीजे के पीछे-पीछे उनकी ही एक अल्टो कार भी चल रही थी।
बताया जा रहा है कि धीमी गति से चल रही कार में चालक से ब्रेक की जगह अचानक एक्सीलेटर दब गया, जिससे कार ने अचानक तेज रफ्तार पकड़ ली और डीजे पर नाच रहे लोगों को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद रिश्तेदारों ने तुरंत घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बस्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में घायल 16 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 7 घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार सभी घायलों का इलाज जारी है। घायलों में एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसके पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

