home page

पुलिया से नीचे गिरी कार, दो की मौत- पांच घायल

 | 
पुलिया से नीचे गिरी कार, दो की मौत- पांच घायल


भीलवाड़ा, 01 मार्च (हि.स.)। सांवरिया सेठ के दर्शन कर घर लौट रहे एक ही परिवार की कार नेशनल हाईवे-148 पर अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। एक मासूम बच्चा सुरक्षित बच गया। दुर्घटना गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में हुई।

परिजन करण के अनुसार परिवार के सात सदस्य सांवरिया सेठ मंदिर में दर्शन करने गए थे। रविवार दोपहर वे लांबा हरिसिंह लौट रहे थे। इसी दौरान विजयनगर के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी।

हादसे में कार चालक नौरत और महिला इंदिरा की मौके पर ही मौत हो गई। चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक बच्चा, जो परिजनों की गोद में बैठा था, चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायलों को विजय नगर अस्पताल पहुंचाया गया।

वहां से गंभीर रूप से घायलों को अजमेर स्थित जेएलएन में रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन की गति तेज होने से नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित