home page

जेजेएम घोटाले में लिप्त किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा: पटेल

 | 
जेजेएम घोटाले में लिप्त किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा: पटेल


जोधपुर, 07 मई (हि.स.)। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने जल जीवन मिशन घोटाले को लेकर कहा कि राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है और घोटाले में शामिल किसी भी जनप्रतिनिधि, अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। यह बात उन्होंने आज यहां सर्किट हाउस में मीडिया से वार्ता के दौरान कही।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान पाइपलाइन, टेंडर और सामग्री खरीद में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुईं। अब इन नियमितताओं की जांच हो रही है। इसके अतिरिक्त, मंत्री ने जोधपुर क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान के लिए सरकार द्वारा पाइपलाइन बदलने, नई जल योजनाएं शुरू करने और ग्रामीण क्षेत्रों में जल आपूर्ति बढ़ाने के कार्य की जानकारी भी दी। कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने मीडिया से बातचीत करते हुए पश्चिम बंगाल चुनाव में राजस्थान के जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी और राज्य की राजनीतिक व प्रशासनिक परिस्थितियों पर खुलकर बात रखी।

मंत्री पटेल ने कहा कि भाजपा एक परिवार की तरह कार्य करती है और जहां भी चुनाव होते हैं, राजस्थान के नेता पूरी जिम्मेदारी के साथ वहां पहुंचकर पार्टी के लिए काम करते हैं। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल चुनाव में राजस्थान के कई वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने दिन-रात मेहनत कर पार्टी को सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसमें केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया व सीपी जोशी, पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़, विधायक अतुल भंसाली आदि शामिल रहे। स्टार प्रचारकों की सूची में राजस्थान नेताओं के नाम न होने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह केवल एक प्रक्रिया है और पार्टी द्वारा जो भी जिम्मेदारी दी जाती है, कार्यकर्ता उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मंत्री पद या अन्य बड़ी जिम्मेदारी का निर्णय मुख्यमंत्री और पार्टी नेतृत्व का विषय है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश