व्यापारी पर लाठियों से हमला, बाजार बंद
जोधपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। आऊ कस्बे में एक व्यापारी पर हुए हमले के विरोध में रविवार को व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा गया, जिसके चलते उन्होंने सुबह 11 बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। व्यापारियों ने हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
आऊ व्यापार मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी और ग्रामीण श्री राम चौक पर इक_े हुए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। इसके बाद व्यापारियों ने श्री राम चौक से फलोदी चौराहे होते हुए नागौर चौराहे तक एक रैली निकाली, जो वापस श्री राम चौक पर समाप्त हुई। व्यापारियों के प्रदर्शन की सूचना मिलने पर भोजासर थानाधिकारी सीआई जमील खान मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि मामले में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के इस आश्वासन के बाद व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान खोल दिए। यह घटना शनिवार रात करीब 9:30 बजे आऊ कस्बे में हुई। व्यापारी मुकेश जैन पर हमलावरों ने लाठियों से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए आऊ उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। व्यापारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दो युवकों के हाथों में बंदूक भी दिखाई देने की बात सामने आई है। इस घटना के बाद से कस्बे के व्यापारियों में गहरा रोष है और वे लगातार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

