बीटीयू का पांचवां दीक्षांत समारोह 7 जनवरी को,राज्यपाल आएंगे
बीकानेर, 06 नवंबर (हि.स.)। बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय (बीटीयू) का पांचवां दीक्षांत समारोह 7 जनवरी 2027 को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता राजस्थान के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हरिभाऊ किशनराव बागडे करेंगे। विश्वविद्यालय की 17वीं अकादमिक काउंसिल की बैठक में पांचवें दीक्षांत समारोह में प्रदान की जाने वाली डिग्रियों, स्वर्ण पदकों और मेधावी विद्यार्थियों को दिए जाने वाले सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट का अनुमोदन कर दिया गया। इस बार विभिन्न संकायों के कुल 3596 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। वहीं 26 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
पांचवें दीक्षांत समारोह में इंजीनियरिंग एंड डिजाइन, मैनेजमेंट, कंप्यूटर एप्लीकेशन तथा पीएचडी श्रेणी के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इंजीनियरिंग एंड डिजाइन संकाय के 2908 विद्यार्थियों में 19 बी.डिजाइन, 2843 बीटेक और 46 एमटेक के विद्यार्थी शामिल हैं। मैनेजमेंट संकाय के 452 एमबीए, कंप्यूटर एप्लीकेशन के 225 एमसीए तथा 11 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी। इस प्रकार कुल 3596 डिग्रियों का वितरण होगा।
कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग के अनुसार दीक्षांत समारोह को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने 13 अलग-अलग समितियों का गठन किया है। कुलपति की अध्यक्षता में समितियों के अध्यक्षों की बैठक आयोजित कर उन्हें आयोजन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। समारोह विश्वविद्यालय परिसर में ही आयोजित होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह की व्यवस्थाओं, अतिथियों के स्वागत, विद्यार्थियों के पंजीकरण, उपाधि वितरण तथा अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर कार्य शुरू कर दिया है। पांचवां दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध कार्यों और विद्यार्थियों की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। कुल 26 गोल्ड मेडल का अनुमोदन किया गया है। इनमें इंजीनियरिंग एंड डिजाइन के 21, मैनेजमेंट के 3, कंप्यूटर एप्लीकेशन का 1 तथा मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी का 1 गोल्ड मेडल शामिल है। इसके अतिरिक्त विभिन्न पाठ्यक्रमों के 208 मेधावी विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट प्रदान किए जाएंगे। अकादमिक काउंसिल ने इन सभी गोल्ड मेडल और मेरिट प्रमाणपत्रों के वितरण को भी मंजूरी प्रदान की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

