home page

ब्रिक्स सतत जीवन शैली वीक : बीकानेर मंडल पर ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता गतिविधियां आयोजित

 | 
ब्रिक्स सतत जीवन शैली वीक : बीकानेर मंडल पर ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता गतिविधियां आयोजित


बीकानेर, 03 नवंबर (हि.स.)। ब्रिक्स सतत जीवन शैली सप्ताह के अंतर्गत उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर रेल मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों एवं रेलकर्मियों में ऊर्जा संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

मंडल के सीनियर डीसीएम वीरेंद्र जाेशी के अनुसार इस अभियान के अंतर्गत बीकानेर मंडल के हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, लालगढ़, सूरतगढ़, सादुलपुर, महेंद्रगढ़, पीलीबंगा, चरखी दादरी, बीकानेर, सिरसा, रतनगढ़, भिवानी, मंडी डबवाली, चूरू आदि रेलवे स्टेशनों पर ऊर्जा संरक्षण एवं सतत जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। अभियान के दौरान रेलकर्मियों ने ऊर्जा संरक्षण की शपथ लेकर बिजली की बचत करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। यात्री जागरूकता अभियान के माध्यम से यात्रियों को ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त, रेलकर्मियों के साथ विचार-विमर्श कर दैनिक कार्यों में बिजली की खपत कम करने, अनावश्यक रूप से जलने वाली लाइटों एवं चलने वाले विद्युत उपकरणों को बंद रखने तथा ऊर्जा के कुशल उपयोग को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इन गतिविधियों का उद्देश्य रेल यात्रियों एवं कर्मचारियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा ऊर्जा संरक्षण को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना है। इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियों से सतत जीवनशैली को प्रोत्साहन देने और पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक प्रयासों को मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव