home page

सडक़ किनारे खड़े तीन चचेरे भाइयों को पिकअप ने कुचला

 | 
सडक़ किनारे खड़े तीन चचेरे भाइयों को पिकअप ने कुचला


उल्टी होने पर बोलेरो से नीचे उतरे थे, पीछे से चपेट में लिया, दो बच्चे भी घायल

जोधपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। जिले के बालेसर थाना क्षेत्र में आगोलाई के पास पिकअप ने बोलेरो को टक्कर मारते हुए तीन चचेरे भाइयों को कुचल दिया। हादसे में तीनों की मौत हो गई, बोलेरो में बैठे दो बच्चों को मामूली चोट आई है। गाड़ी में पांच बच्चे, एक महिला समेत 10 लोग सवार थे। हादसा जोधपुर-जैसलमेर नेशनल हाईवे 125 पर शुक्रवार रात करीब दस बजे हुआ।

बालेसर थानाधिकारी मूल सिंह भाटी ने बताया कि हादसे में जोधपुर जिले के गंगाणा चोखा गांव निवासी राजूनाथ (28) पुत्र सूरम नाथ कालबेलिया, दयालनाथ (27) पुत्र बाबू नाथ और प्रकाश नाथ (25) पुत्र दोलानाथ के रूप में हुई है। दयालनाथ की पत्नी पप्पू देवी पीहर गई हुई थी। उसके साथ उसके पांच बच्चे भी थे। दयालनाथ उन्हीं को वापस लेने के लिए अपने ससुराल टिबड़ी गांव गया था। इस दौरान उसका बड़ा भाई माणकनाथ, राजूनाथ और प्रकाशनाथ भी साथ आए थे। वापस लौटते समय आगोलाई में कालका माता मंदिर के पास नेशनल हाईवे 125 पर राजूनाथ को उल्टी होने पर बोलेरो सडक़ किनारे रोक दी। इस दौरान दयाल और प्रकाश भी गाड़ी से उतर गए, तभी पीछे से तेज रफ्तार पिकअप ने बोलेरो और तीनों भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो के पास खड़े तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। वहीं दो बच्चे मामूली रूप से घायल हुए, जिन्हें बालेसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और उनका उपचार किया गया। तीनों भाई जोधपुर की खानों में मजदूरी करते थे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश