home page

बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी बोलेरो, दो युवकों की मौत; दो गंभीर घायल

 | 
बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी बोलेरो, दो युवकों की मौत; दो गंभीर घायल


झुंझुनूं , 01 नवंबर (हि.स.)। जिले के चिड़ावा में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। सिंघाना रोड पर गाडाखेड़ा पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार बोलेरो आगे चल रही बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा शनिवार रात चिड़ावा थाना क्षेत्र में हुआ।

एएसआई अनिल ने बताया कि मृतकों की पहचान ढाढ़ोत गांव निवासी दीपक (26) और विकास (30) के रूप में हुई है। दोनों गुरुग्राम में ब्लिंकिट कंपनी में सामान की डिलीवरी का काम करते थे और छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर छा गई।

पुलिस के अनुसार, ढाढ़ोत गांव निवासी दीपक, सचिन, अंकुश और विकास किसी काम से चिड़ावा आए थे। शनिवार रात चारों बोलेरो से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सिंघाना रोड पर गाडाखेड़ा पुलिस चौकी के पास उनकी गाड़ी आगे चल रही बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया और चिड़ावा उपजिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को झुंझुनूं रेफर कर दिया गया। झुंझुनूं ले जाते समय रास्ते में विकास ने दम तोड़ दिया, जबकि दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। सचिन और अंकुश का उपचार जारी है।

हादसे में जान गंवाने वाले दीपक के परिवार में माता-पिता और भाई-बहन हैं। वहीं, विकास अपने पीछे पत्नी और चार साल की बेटी छोड़ गया।

छुट्टी पर गांव आए दोनों युवकों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में अपनों के लौटने की खुशी थी, वहां अब मातम पसरा है।

पुलिस के अनुसार, परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित