home page

पानी की खेळ में मिला शव

 | 
पानी की खेळ में मिला शव


झुंझुनू, 03 मई (हि.स.)। जिले के गुढ़ागौड़जीथाना क्षेत्र के रघुनाथपुरा गांव में एक अधेड़ व्यक्ति का शव पानी की खेळ में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रघुनाथपुरा निवासी 45 वर्षीय सुनील पुत्र रामेश्वर रेप्सवाल के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही गुढ़ागौड़जी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को गुढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया है।

परिजनों के अनुसार सुनिल शनिवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकला था। लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उनकी तलाश की। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगली सुबह गांव के लालचंद मेघवाल श्मशान भूमि स्थित पेड़ों को पानी देने पहुंचा। जहां उन्होंने खेळ में एक शव पड़ा देखा। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को खेळ से बाहर निकलवाया।

इस मामले में मृतक के भतीजे उम्मेद सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि जिस खेळ में शव मिला। उसमें पानी बहुत कम था। जिससे डूबने से मौत होना संदिग्ध प्रतीत होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुनिल की हत्या कर शव को पानी में डाला गया। ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके। मौके पर मृतक की चप्पल पानी में मिली। जबकि शव आंशिक रूप से ही पानी में था। जिससे संदेह और गहरा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया जाएगा और पानी का सैंपल भी जांच के लिए लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश