नदी में नाव पलटने से दो लोग डूबे, नौ लोगों ने तैरकर बचाई जान
बांसवाड़ा, 05 मई (हि.स.)। बांसवाड़ा जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां अनास नदी पार करते समय 11 लोगों से भरी एक नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई। इस हादसे में नाव पर सवार नौ लोग तो किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन मामा-भांजे का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लापता लोगों की पहचान 22 वर्षीय जयेश और उनके 8 वर्षीय भांजे मानव के रूप में हुई है, जिनके नदी के गहरे पानी में डूबने की आशंका जताई जा रही है।
अरथूना के भानो का पाड़ा निवासी ये लोग सड़क मार्ग से आनंदपुरी के वंडा डोकोर गांव गए थे और लौटते समय नदी के रास्ते नाव का सहारा ले रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी के बीचों-बीच अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और चीख-पुकार के बीच सभी लोग पानी में गिर गए। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया और मौके पर एसडीएम सहित पुलिस उपाधीक्षक बाबूलाल रैगर एवं थानाधिकारी विनोद कुमार ने कमान संभाली।
लापता दो कोगों तलाश के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्थानीय तैराकों और सिविल डिफेंस की टीम के साथ-साथ प्रशासन ने अब एसडीआरएफ की टीम को भी मदद के लिए बुलाया है। हादसे के बाद से ही नदी के किनारे ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन लगातार कोशिशों में जुटा है कि जल्द से जल्द डूबे हुए लोगों का पता लगाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुभाष

