दसवी बोर्ड में जोधपुर में 96.48 प्रतिशत स्टूडेंट्स पास
जोधपुर, 24 मार्च (हि.स.)। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आज दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं, जिसमें जोधपुर जिले का कुल पास प्रतिशत शानदार 96.48 प्रतिशत रहा है।
बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार जोधपुर जिले से कुल 48,525 स्टूडेंट्स (25,616 लडक़े और 22,909 लड़कियां) परीक्षा के लिए पंजीकृत हुए थे, जिनमें से 47,967 स्टूडेंट्स मुख्य परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा देने वालों में 25,271 छात्र और 22,696 छात्राएं शामिल थीं। जिले से कुल 46,280 स्टूडेंट्स ने परीक्षा पास की है। इस वर्ष के परिणामों में एक बार फिर छात्राओं ने छात्रों को पीछे छोड़ दिया है।
जोधपुर में छात्राओं का पास प्रतिशत 96.62 प्रतिशत रहा, जबकि छात्रों का पास प्रतिशत 96.36 प्रतिशत दर्ज किया गया है। उत्तीर्ण होने वाले कुल विद्यार्थियों में 29,294 ने प्रथम श्रेणी, 14,653 ने द्वितीय श्रेणी और 2,333 ने तृतीय श्रेणी हासिल कर सफलता का परचम लहराया है। परीक्षा में कुल 24,350 छात्र और 21,930 छात्राएं सफल घोषित किए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

