home page

रक्तदान से बचेंगे जीवन, 17 सितंबर को प्रदेशभर में लगेंगे शिविर

 | 
रक्तदान से बचेंगे जीवन, 17 सितंबर को प्रदेशभर में लगेंगे शिविर


जयपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। विकसित भारत–जन सेवा अभियान के तहत 17 सितंबर को राजस्थान में प्रदेशव्यापी रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने कहा कि रक्तदान मानव जीवन बचाने वाली महत्वपूर्ण जनसेवा है। ऐसे में शिविरों में अधिकाधिक स्वैच्छिक रक्तदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। विभाग की ओर से जारी निर्देशों में रेडक्रॉस सोसायटी, युवक संघ, स्वयंसेवी संस्थाओं, निजी चिकित्सा महाविद्यालयों, महाविद्यालयों तथा स्थानीय रक्त बैंकों के समन्वय से शिविर आयोजित करने को कहा गया है। राजकीय एवं निजी रक्त बैंकों से समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय पर आवश्यक संसाधनों के साथ चिकित्सा दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अभियान के तहत रक्तदान करने के इच्छुक लोगों का अधिकाधिक संख्या में ई-रक्त कोष पोर्टल पर पंजीयन कराया जाएगा।

पंजीयन के दौरान रक्तदाता का नाम, आयु, मोबाइल नंबर, रक्त समूह और पहचान पत्र संबंधी विवरण दर्ज किया जाएगा। शिविर स्थलों पर अलग पंजीयन काउंटर या डेस्क की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि रक्तदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

रक्तदान शिविरों में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए चिकित्सा दल और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। जिला स्तर पर संबंधित अधिकारियों को आयोजन, रक्त बैंक से समन्वय तथा चिकित्सा व्यवस्थाओं की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रत्येक रक्तदान शिविर की फोटो और वीडियो ई-रक्त कोष पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाएगी। सूचनाओं के प्रेषण, रिपोर्टिंग और पोर्टल पर अपलोडिंग के लिए नामित नोडल अधिकारी उत्तरदायी होंगे।

राठौड़ ने सभी संबंधित अधिकारियों को शिविरों का समयबद्ध और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं, युवा समूहों, महाविद्यालयों और अन्य संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया। नगरीय निकायों में चुनाव प्रक्रिया के मद्देनजर रक्तदान शिविरों का आयोजन राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों तथा आदर्श आचार संहिता की पालना करते हुए किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित