home page

कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के बयान पर जयपुर भाजपा ने गांधी सर्किल पर किया पुतला दहन

 | 
कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के बयान पर जयपुर भाजपा ने गांधी सर्किल पर किया पुतला दहन


जयपुर, 15 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दिए गए कथित बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखने को मिला। रविवार को जयपुर के कनोडिया कॉलेज के सामने गांधी सर्किल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मणिशंकर अय्यर का पुतला दहन किया और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दोपहर करीब 3:30 बजे बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता गांधी सर्किल पर एकत्रित हुए और “कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद”, “राहुल गांधी मुर्दाबाद” “मणिशंकर अय्यर मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाते हुए कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ अपना आक्रोश प्रकट किया। इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना पूरे देश का अपमान है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मणिशंकर अय्यर ने देश के प्रधानमंत्री का अपमान किया है और इसे देशवासी कभी भी स्वीकार नहीं करेंगे। जनता में इस बयान को लेकर गहरा आक्रोश है। एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का मान वैश्विक पटल पर लगातार बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर मणिशंकर अय्यर जैसे नेता ओछी मानसिकता के साथ राजनीति कर रहे हैं, जो अत्यंत शर्मनाक है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए ऐसे शब्दों से संबोधित करना न केवल प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंचाना है बल्कि यह देश के 140 करोड़ नागरिकों का भी अपमान है। कांग्रेस नेताओं की भाषा की मर्यादा पूरी तरह समाप्त हो चुकी है और वे अपने पद की गरिमा तक भूल चुके हैं। कांग्रेस पार्टी के नेता लगातार हो रही चुनावी हार से बौखला गए हैं और इसी कारण इस प्रकार की अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर हमला बोलते हुए कहा कि जिस पार्टी का नेतृत्व राहुल गांधी जैसे नेता कर रहे हों, वहां से इस तरह की बयानबाजी होना अब कोई आश्चर्य की बात नहीं रह गई है। मणिशंकर अय्यर को सार्वजनिक रूप से देश के प्रधानमंत्री और देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने भी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान पूरे देश का अपमान है। प्रधानमंत्री केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के जनादेश का प्रतीक होते हैं। ऐसे में उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। सैनी ने कहा कि भाजपा इस तरह की भाषा और मानसिकता को कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने मांग की कि मणिशंकर अय्यर तुरंत अपने बयान पर माफी मांगें और कांग्रेस पार्टी को भी इस विषय पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस नेताओं की इस प्रकार की बयानबाजी जारी रहती है तो भाजपा कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में इसी तरह विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे। देश की जनता अब इस तरह की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। देश के प्रधानमंत्री और देश की गरिमा के खिलाफ कोई भी टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके खिलाफ पार्टी कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाते रहेंगे। सैनी ने कहा कि मणिशंकर अय्यर मार्क्सवादी लोगों के हाथों की कठपूतली बनकर इस तरह के बयान जारी कर रहे है, यह बेहद ही शर्म की बात है। कांग्रेसी नेताओं के स्वयं के पास कहने को कुछ नहीं बचा तो वे मार्क्सवादी लोगों के इशारों पर इस तरह की बयानबाजी कर रहे है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, युवा मोर्चा कार्यकर्ता, जयपुर शहर भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश