home page

निकाय एवं पंचायत चुनाव-2026 को लेकर भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक संपन्न, मुकेश दाधीच पहुंचे

 | 
निकाय एवं पंचायत चुनाव-2026 को लेकर भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक संपन्न, मुकेश दाधीच पहुंचे


बीकानेर, 06 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी बीकानेर देहात द्वारा आगामी निकाय एवं पंचायत चुनाव-2026 की दृष्टि से संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श एवं आगामी कार्ययोजना के निर्धारण को लेकर भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया की अध्यक्षता में भाजपा संभाग कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में पूर्व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच एवं प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल विश्नोई ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता से ही संभव है। हमें कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए आगामी निकाय एवं पंचायत चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ने हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां अंतिम पंक्ति के कार्यकर्ता को भी उच्चतम दायित्व निभाने का अवसर मिलता है। पार्टी जिस कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाए, सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर उसका सहयोग करना चाहिए और भाजपा को विजय दिलाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए।

प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि पंचायत एवं निकाय चुनावों की प्रकृति अलग होती है, इसलिए स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप रणनीति तैयार करनी होगी। उन्होंने कहा कि देहात जिले की सभी विधानसभाओं में संगठन और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से बूथ स्तर तक मजबूत नेटवर्क तैयार कर चुनावी तैयारियों को गति दी जाएगी।

प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल विश्नोई ने कहा कि भाजपा का संगठन आज देश का सबसे बड़ा और सबसे मजबूत संगठन है। कार्यकर्ताओं की मेहनत, सेवा भाव और जनता के विश्वास के बल पर भाजपा लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में भी कार्यकर्ताओं को पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ मैदान में उतरकर भाजपा की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना होगा।

अध्यक्षीय उद्बोधन में भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि आगामी नगर निकाय एवं पंचायत चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं को अभी से कमर कस लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों में भाजपा ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय होकर संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित ने किया तथा विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने सभी का आभार व्यक्त किया।

जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि बैठक में जिला प्रभारी बलवीर बिश्नोई, विधायक अंशुमान सिंह भाटी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जालम सिंह भाटी एवं कुम्भनाथ सिद्ध, जिला महामंत्री तोलाराम कूकणा, दिलीप सिंह राजपुरोहित, कैलाश विश्नोई, जिला उपाध्यक्ष हेमनाथ जाखड़, जसवंत दैय्या, जिला मंत्री राजाराम ओझा, ओबीसी मोर्चा प्रदेश महामंत्री भंवर जांगिड़, प्रदेश प्रवक्ता भवानी पाईवाल, महावीर चारण, जितेंद्र राजवी, महेंद्र ढाका, पूजा मोहता, सोशल मीडिया संयोजक दीनदयाल जाजड़ा, सुनील मेघवाल, विनोद गिरि, श्रवण प्रजापत सहित जनप्रतिनिधि, पूर्व जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मंडलों के महामंत्री, नगर पालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, प्रधान, उपप्रधान, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य एवं प्रत्याशी, सभी मोर्चों के जिला अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा बड़ी संख्या में प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव