भारत दुनिया की उभरती हुई शक्ति: भाटिया
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने केंद्रीय बजट की बारीकियों को किया साझा
जोधपुर, 05 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि भारत को दुनिया की उभरती हुई शक्ति बताया है। भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 11वीं अर्थव्यवस्था से छलांग लगाकर आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। वे गुरुवार को यहां सर्किट हाउस में मीडिया से रूबरू थे। उन्होंने केंद्र सरकार के बजट की बारीकियों को साझा किया।
भाटिया नेे विकास दर के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि जहां विकसित देश एक से तीन प्रतिशत के बीच जूझ रहे हैं, वहीं भारत 7.4 प्रतिशत से 7.8 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि यूपीए सरकार के समय की 11 प्रतिशत महंगाई दर अब सिमटकर तीन से चार प्रतिशत पर आ गई है। साथ ही, वित्तीय घाटे को 4.3 प्रतिशत पर लाना एक बड़ी उपलब्धि है। बजट को फ्यूचरिस्टिक बताते हुए उन्होंने एआई और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में 40 हजार करोड़ रुपए के निवेश की बात कही। उन्होंने बताया कि गेमिंग और प्रोग्रामिंग सेक्टर के माध्यम से 20 लाख नौकरियों का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही, रेयर अर्थ मिनरल्स के लिए तमिलनाडु, केरल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश को जोडक़र एक नया कॉरिडोर बनाया जाएगा। उन्होंने तुलना करते हुए बताया कि कांग्रेस के समय डिफेंस बजट 2.30 लाख करोड़ से बढक़र 5.95 लाख करोड़ और रोड-ट्रांसपोर्ट बजट 37 हजार करोड़ से बढक़र करीब 6 लाख करोड़ हो गया है।
वहीं उन्होंने विपक्ष द्वारा लोकसभा सभा में किए जा रहे हंगामे को लेकर कहा कि आज का युवा यह मौका खोजता है कि काश यह मौका मुझे मिले तो मैं जनता की सेवा करूं लेकिन 54 साल का विपक्ष का नेता एक मंत्री को गद्दार बुलाता है और टेबल पर खड़े होकर लोकतंत्र के मंदिर में नारे लगाता है क्या यह उचित है। वहीं पीठासीन अधिकारी पर कागज फाड़ कर फेंकना या राहुल गांधी द्वारा उनको यार बुलाना लोकतंत्र के मंदिर का सम्मान नहीं है।
ममता बनर्जी के दिल्ली पहुंचने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की कोई चीज नहीं है। ममता बनर्जी का विश्वास संविधान में नहीं है। उन्होंने कहा कि जैसे हमने बिहार में देखा कि कांग्रेस चद्दर से सिमट का रुमाल तक आ चुकी है वैसे ही आप थोड़ा इंतजार करिए देश की जनता और पश्चिम बंगाल की जनता पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

